Explore

Search

March 13, 2026 2:05 pm

मलमलिया हत्याकांड : कांग्रेस का शांति दल पहुंचा कौड़िया, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

कांग्रेस का शांति दल पहुंचा कौड़िया, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

मलमलिया हत्याकांड के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सक्रिय, शोक संतप्त परिजनों को दिलाया न्याय का भरोसा

भगवानपुर हाट : मलमलिया बाजार में विगत 4 जुलाई को हुई तिहरे हत्याकांड की घटना के बाद कांग्रेस का शांति दल सोमवार को कौड़िया वैश्य टोली पहुंचा। पार्टी के नेताओं ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दोषियों के विरुद्ध त्वरित व सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस शांति दल सबसे पहले मृतक मुन्ना सिंह के घर पहुंचा, जहां उनके पुत्र आदित्य सिंह, आदर्श सिंह एवं अन्य स्वजनों से मुलाकात की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मृतक रोहित सिंह के पिता एवं पूर्व मुखिया अखिलेश सिंह और कन्हैया सिंह के पिता राजनारायण सिंह से भी भेंट की।

जिला प्रशासन की लापरवाही से हुई बड़ी घटना: कांग्रेस जिलाध्यक्ष
मौके पर मौजूद कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने घटना के लिए सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही छोटी घटनाओं को नज़रअंदाज करने का ही परिणाम है कि आज यह भीषण हत्याकांड घटित हुआ। भगवानपुर हाट के तत्कालीन थानाध्यक्ष की घोर लापरवाही ने स्थिति को यहां तक पहुंचा दिया। उन्होंने मांग की कि बर्खास्तगी पर्याप्त नहीं है, संबंधित थानाध्यक्ष पर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए और विभागीय कार्रवाई की जाए।

रोजगार मेले में पंजीकरण की अपील
जिलाध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों से पटना के ज्ञान भवन में आगामी 19 जुलाई को आयोजित कांग्रेस पार्टी के रोजगार मेले में पंजीयन कराने का आग्रह भी किया, ताकि युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके।

“अपराधियों को नहीं है कानून का डर”: डॉ. विधु शेखर पाण्डेय
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विधु शेखर पाण्डेय ने कहा कि यह घटना इस बात का संकेत है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवारों को सरकारी नौकरी, समुचित मुआवजा और दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग की, ताकि आमजन का कानून पर विश्वास बना रहे।

शांति दल में शामिल रहे कई नेता
कांग्रेस के शांति दल में जिला एवं प्रखंड स्तरीय कई नेता शामिल रहे। प्रमुख नामों में भगवानपुर प्रखंड अध्यक्ष कमल किशोर ठाकुर, दिनेश यादव, ध्रुवलाल कुशवाहा, अभिषेक मिश्रा, लालबाबू खरवार, संतोष पाण्डेय, सुरेश यादव, विन्देश्वरी साह, संजय कुमार, केशव कुमार, रामाशीष यादव और रंजीत कुमार शामिल हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर