मलमलिया हत्याकांड: अभियुक्त पिता-पुत्र ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण, जमानत याचिका खारिज
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत का फैसला, दोनों आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गए
सिवान: जिले के बहुचर्चित मलमलिया तिहरे हत्याकांड मामले में शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई सामने आई। भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के निवासी और इस कांड के नामजद अभियुक्त शत्रुघ्न सिंह और उसका पुत्र पवन कुमार ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
दोनों ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में समर्पण करते हुए जमानत की अर्जी दाखिल की। जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कड़े शब्दों में इसका विरोध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अभियुक्तों की जमानत याचिका खारिज कर दी और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश पारित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपितों से रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सके।
गौरतलब है कि चार जुलाई को मलमलिया में एक हथियारबंद गिरोह ने उत्पात मचाते हुए तीन लोगों की तलवार से काटकर निर्मम हत्या कर दी थी। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैलाने वाली थी।
इस मामले में मृतक प्रमोद सिंह के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें 15 लोगों को नामजद और 14 अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच तेज़ी से कर रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।