मलमलिया में डीआइजी ने किया पुलिस आउट पोस्ट का उद्घाटन, बोले – अब नहीं रहेगा भय का माहौल
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
तीहरा हत्याकांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल, आमलोगों को मिला राहत का भरोसा
भगवानपुर हाट (सिवान) : थाना क्षेत्र के मलमलिया चौक पर चार जुलाई की शाम हुए तीहरे हत्याकांड के बाद उत्पन्न तनाव और लोगों में फैले भय के माहौल को देखते हुए सारण डीआइजी नीलेश कुमार ने मंगलवार को हनुमान मंदिर परिसर में नवस्थापित पुलिस आउट पोस्ट का उद्घाटन फीता काटकर किया।
इस मौके पर डीआइजी ने कहा कि मलमलिया चौक एक संवेदनशील और व्यस्त इलाका है, जहां अलग-अलग दिशाओं से वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
उन्होंने बताया कि भगवानपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शिवशंकर प्रसाद को आउट पोस्ट का प्रभार सौंपा गया है। इनके साथ एसआई अनिल कुमार सिंह सहित चार शस्त्रबलों की तैनाती की गई है। डीआइजी ने भरोसा दिलाया कि यहां नियुक्त पुलिसकर्मी जनसुरक्षा को प्राथमिकता देंगे।
डीआइजी ने निर्देश दिया कि पुलिस आउट पोस्ट के दोनों प्रवेश द्वारों पर ड्यूटी पर तैनात पदाधिकारी का मोबाइल नंबर अंकित किया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति जरूरत पड़ने पर आसानी से संपर्क कर सके। किसी भी शिकायत या आवेदन को तुरंत एसडीपीओ महाराजगंज को सूचित कर कार्रवाई के लिए थाना भेजा जाए।
उन्होंने स्प्रिट तस्करी पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही और कहा कि मलमलिया होकर स्प्रिट की आपूर्ति की जाती है, जिसकी गहन जांच आवश्यक है। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन, पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार, अमरेंद्र कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, पीएसआई छपित कुमार चौबे सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष रंजीत प्रसाद, जदयू नेता अनिल सिंह, उप प्रमुख मुन्ना सिंह, आशुतोष कुमार सिंह, अशोक सिंह, वीरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि पुलिस पोस्ट खुलने से क्षेत्र में भय का माहौल समाप्त होगा और शांति स्थापित होगी।

