Explore

Search

January 19, 2026 7:33 am

मलमलिया कांड: महाराजगंज एसडीपीओ पर गिरी गाज, तबादला आदेश जारी

मलमलिया कांड: महाराजगंज एसडीपीओ पर गिरी गाज, तबादला आदेश जारी
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

तीन हत्याओं के बाद प्रशासनिक चूक को लेकर कार्रवाई, ट्रैफिक डीएसपी को मिली नई जिम्मेदारी

सिवान/भगवानपुर हाट: भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मलमलिया में चार जुलाई को हुए तिहरे हत्याकांड के बाद मामले में लापरवाही बरतने को लेकर पुलिस प्रशासन पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। अब इस मामले में कार्रवाई करते हुए महाराजगंज के एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन का तबादला कर दिया गया है। उन्हें पटना मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश जारी किया गया है।

गौरतलब है कि मलमलिया में आपसी वर्चस्व को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घंटों सड़क जाम कर बवाल किया था और आगजनी की घटनाएं भी सामने आई थीं। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस की विफलता को लेकर लोगों ने खुले तौर पर प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।

घटना के दिन ही डीआईजी नीलेश कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भगवानपुर हाट के थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। इसके बाद अब घटना के चार दिन बाद 8 जुलाई को महाराजगंज एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें हटा दिया गया है।

डीआईजी कार्यालय से जारी निर्देश के अनुसार ट्रैफिक डीएसपी शैलेश प्रीतम को अब एसडीपीओ महाराजगंज का प्रभार सौंपा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि नई तैनाती के साथ पुलिस प्रशासन इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रवैया अपनाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस व्यवस्था की सक्रियता पर सवाल तो खड़े किए ही हैं, साथ ही यह भी दर्शाया है कि प्रशासनिक स्तर पर चूक पर अब जवाबदेही तय की जा रही है।

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर