Explore

Search

February 9, 2026 2:51 am

भगवानपुर हाट : शराब के आरोप में गिरफ्तारी का बदला बनी कौड़िया के तीन लोगों की हत्या

शराब के आरोप में गिरफ्तारी का बदला बनी कौड़िया के तीन लोगों की हत्या
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

शिकायत पर हुई एफआईआर, 20 नामजद, 7 गिरफ्तार, हत्या की वजह बताया गया प्रतिशोध

सिवान: भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मलमलिया चौक पर 4 जुलाई को हुई तिहरी हत्या की घटना को लेकर रविवार को थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। मृतक कौड़िया वैश्य टोली निवासी मुन्ना सिंह के भाई प्रमोद सिंह द्वारा दिए गए आवेदन पर कुल 20 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें प्रमुख रूप से शत्रुघ्न सिंह उर्फ काका, केदार सिंह, रामकिशोर सिंह, सूरज कुमार, किशन कुमार, कंचन कुमार उर्फ किशु, दीपक कुमार, अमित कुमार सिंह, रूपेश कुमार सिंह, पवन कुमार, कल्याण कुमार, प्रतीक कुमार उर्फ छोटू, अभिमन्यु सिंह, विजेंद्र यादव, सोनू सिंह, अकबर अली अंसारी, मेराज हुसैन, राजू प्रसाद, अजय प्रसाद और सिंह ब्रदर्स पेट्रोल पंप के मालिक देवनारायण सिंह शामिल हैं।

एफआईआर के अनुसार, इस हत्याकांड का कारण एक पुराने मामले में शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तारी को बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले मुन्ना सिंह और रोहित कुमार ने एसडीपीओ महाराजगंज को सूचना दी थी कि अमितेश कुमार सिंह अवैध शराब के कारोबार में लिप्त है। इसी के आधार पर उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी। इस गिरफ्तारी से बौखलाए शत्रुघ्न सिंह और उसके सहयोगियों ने प्रतिशोध में घटना को अंजाम दिया।

हथियार से लैस होकर की गई थी सुनियोजित हत्या
पीड़ित प्रमोद सिंह ने अपने आवेदन में कहा है कि उन्हें 4 जुलाई की शाम चार बजे सूचना मिली कि मलमलिया स्थित सिंह ब्रदर्स पेट्रोल पंप पर कुछ बदमाश हथियार से लैस होकर कौड़िया वैश्य टोली के लोगों की हत्या की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वे बाइक से घटनास्थल पहुंचे और अपने भाई मुन्ना सिंह, कन्हैया सिंह, रोहित कुमार, विक्की कुमार और रौशन कुमार को वहां से जाने को कहा। लेकिन तभी शत्रुघ्न सिंह, केदार सिंह, रामकिशोर सिंह समेत सभी नामजद अभियुक्त हथियारों से लैस होकर उन पर हमला करने लगे।

हमले में मुन्ना सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग जान बचाकर भागने लगे। बदमाशों ने उनका पीछा करते हुए ओवरब्रिज पर उन्हें पकड़ लिया और बेरहमी से मारपीट कर तीन की हत्या कर दी। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

पुलिस ने सात को भेजा जेल
भगवानपुर हाट थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें अभिमन्यु सिंह, रूपेश कुमार सिंह, दीपक कुमार, अकबर अली अंसारी, मेराज हुसैन, अजय प्रसाद और राजू प्रसाद शामिल हैं। एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन ने बताया कि पूछताछ में इन सभी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। सभी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, सिंह ब्रदर्स पेट्रोल पंप के डीलर देवनारायण सिंह पर भी हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है, जिससे जांच का दायरा और व्यापक हो गया है।

घटना के बाद गांव में पसरा मातम
इस जघन्य घटना के बाद कौड़िया गांव में मातम का माहौल है। तीन शवों के एक साथ गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर