Explore

Search

December 15, 2025 11:23 am

भगवानपुर हाट: राजेंद्र किशोरी रेजिडेंशियल स्कूल में पैरेंट्स ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित, शिक्षा व संस्कार पर दिया गया जोर

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान : भगवानपुर हाट प्रखंड के मघरी स्थित राजेंद्र किशोरी रेजिडेंशियल स्कूल के सभागार में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के नव नामांकित छात्रों के अभिभावकों के लिए पैरेंट्स ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संगीत शिक्षिका जुगनू कुमारी द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिससे माहौल में उत्साह का संचार हुआ।

विद्यालय की उप प्राचार्य रीना तिवारी ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि भावी पीढ़ी को सुसंस्कारित और सशक्त बनाने के लिए अभिभावकों और विद्यालय दोनों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बच्चों के समग्र विकास में संयुक्त प्रयास पर बल दिया।

एकेडेमिक डायरेक्टर अमरावती सिंह ने विद्यालय के विजन से परिचित कराते हुए कहा कि यह संस्थान शिक्षा के साथ संस्कार को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि “संस्कारों की शुरुआत घर से होती है, और यदि अभिभावक विद्यालय के साथ कदम से कदम मिलाकर चलें, तो हम निश्चित रूप से एक उन्नत व सुसंस्कृत भारत की ओर अग्रसर हो सकते हैं।”

वरिष्ठ शिक्षक पुरुषोत्तम मिश्रा ने विद्यालय के नियमों की जानकारी दी और अभिभावकों से अपील की कि वे विद्यालय डायरी को अवश्य पढ़ें और उसका पालन करें। कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वयं का परिचय देते हुए बच्चों के समग्र विकास के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अभिभावकों व बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान विद्यालय प्रबंधन द्वारा किया गया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर