Explore

Search

March 18, 2026 9:25 am

भगवानपुर हाट : झोपड़ी में आग लगने से वृद्ध की दर्दनाक मौत, इलाके में शोक का माहौल

झोपड़ी में आग लगने से वृद्ध की दर्दनाक मौत, इलाके में शोक का माहौल
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

मार्टिन की चिंगारी बनी मौत का कारण, आग में झुलसकर 60 वर्षीय रामवचन महतो की गई जान

भगवानपुर हाट (सिवान) : थाना क्षेत्र के महम्मदा गांव में मंगलवार की रात हृदयविदारक हादसे में एक वृद्ध की झुलसकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मच्छरों से बचाव के लिए जलाए गए मार्टिन से निकली चिंगारी झोपड़ी में फैल गई, जिससे आग लग गई। झोपड़ी में सो रहे वृद्ध रामवचन महतो (60 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान गांव निवासी रामदयाल महतो के पुत्र रामवचन महतो के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात रामवचन महतो अपनी झोपड़ी में सो रहे थे। रात के किसी पहर जलते मार्टिन से निकली चिंगारी ने अचानक झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठते ही आसपास के लोग दौड़े और आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक रामवचन महतो पूरी तरह से झुलस चुके थे और उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद मृतक की पत्नी देवंती देवी और अन्य स्वजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद भगवानपुर हाट थाना की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच शुरू की।

गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और लोग शोकसंतप्त परिवार को ढाढ़स बंधा रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना ने क्षेत्र के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर