Explore

Search

March 7, 2026 11:57 pm

बसंतपुर : स्कार्पियो की चपेट में आने से मजदूर की मौत, गांव में पसरा मातम

स्कार्पियो की चपेट में आने से मजदूर की मौत, गांव में पसरा मातम
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

कन्हौली पेट्रोल पंप के समीप हुआ हादसा, पत्नी और मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

बसंतपुर (सिवान): थाना क्षेत्र के कन्हौली स्थित पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार की देर शाम तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कन्हौली गांव निवासी 28 वर्षीय ज्योवाला सिंह के रूप में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ज्योवाला सिंह मजदूरी कर बसंतपुर से घर लौट रहा था, तभी कन्हौली पेट्रोल पंप के पास एक तेज गति से आ रही स्कार्पियो ने उसे रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने थाना को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मजदूर की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। घर पर जैसे ही शव पहुंचा, पत्नी गुड़िया कुमारी और अन्य स्वजन दहाड़ें मारकर रोने लगे। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं – एक दो साल का बेटा और तीन साल की बेटी गुनगुन।

परिजनों ने बताया कि ज्योवाला सुबह घर से यह कहकर निकले थे कि शाम को जल्दी लौट आएंगे, लेकिन शाम को उनका शव लौट आया। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उनके कंधे पर थी।

उनकी असामयिक मौत से जहां परिवार टूट गया है, वहीं गांव में भी गहरा शोक व्याप्त है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर