✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के समीप मलमलिया-सिवान एनएच 227ए पर बुधवार को सड़क हादसे में सारण के एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के जमालपुर निवासी सुनील सिंह उर्फ सेठा (पुत्र सनोज सिंह) के रूप में हुई।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच विरोधाभास देखा गया। कुछ लोगों का कहना था कि युवक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जबकि कुछ अन्य का मानना था कि बाइक अनियंत्रित होकर किसी पोल से टकरा गई, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने डायल 112 की टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
आपराधिक इतिहास:
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुनील सिंह उर्फ सेठा आपराधिक प्रवृत्ति का था। हाल ही में वह जेल से छूटकर बाहर आया था। मढ़ौरा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि उस पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज था। इसके अलावा, पानापुर थाना सहित अन्य थानों में शराब तस्करी, डकैती, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज थे।
फिलहाल स्थानीय पुलिस घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।