Explore

Search

July 15, 2026 3:28 pm

बड़हरिया: सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

मैरवा में ट्रक की चपेट में आए युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, गांव में छाया मातम

बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी दरगाह निवासी 20 वर्षीय राजीव कुमार शर्मा की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद स्वजनों के रोने-बिलखने से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, राजीव कुमार शर्मा छह मार्च को अपनी बाइक से मैरवा स्थित ननिहाल जा रहा था। इसी दौरान लक्ष्मीपुर ओवरब्रिज के समीप एक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर स्वजन उसे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में लेकर गए, लेकिन जब वहां भी कोई सुधार नहीं हुआ, तो उसे लखनऊ पीजीआई ले जाने का निर्णय लिया गया।

यात्रा के दौरान जब वे गोंडा के पास पहुंचे, तो राजीव कुमार शर्मा ने दम तोड़ दिया। इसके बाद स्वजन शव को लेकर गांव लौटे और स्थानीय थाना को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़हरिया थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसा मैरवा थाना क्षेत्र में हुआ था, इसलिए इस घटना की प्राथमिकी वहीं दर्ज की जाएगी। इधर, घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, और ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते नजर आए।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर