✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
कोचिंग से लौटते समय बेहोश होकर गिरी किशोरी, अस्पताल में हुई मौत
बड़हरिया (सिवान)। प्रखंड के कोइरीगांवा गांव में सोमवार को एक 15 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र के अमेठी निवासी दिनेश साह की पुत्री नैंसी कुमारी के रूप में हुई है। वह कोइरीगांवा स्थित अपने मामा विजय साह के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी और कक्षा नौ की छात्रा थी।
जानकारी के अनुसार, नैंसी सोमवार को कोचिंग से पढ़कर घर लौट रही थी। इसी दौरान जैसे ही वह कर्बला मस्जिद के पास पहुंची, अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। आसपास के लोग उसे आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही मृतका के स्वजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बार-बार यह सवाल उठा रहे हैं कि नैंसी की अचानक मौत कैसे हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़हरिया थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा। समाचार लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था।
घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीण मृतका के परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।