✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
पंचमुखी महायज्ञ के प्रचार के दौरान हुई घटना, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
बड़हरिया थाना क्षेत्र के इजमाली गांव में रविवार सुबह पंचमुखी महायज्ञ के प्रचार और चंदा संग्रह के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने एक युवक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक गोपालगंज के बदरजीमी गांव का निवासी बताया जाता है। स्थानीय ग्रामीणों ने उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना से आक्रोशित यज्ञ समिति के सदस्यों ने बड़हरिया-मीरगंज मुख्य मार्ग पर बदरजीमी पुल के समीप धरना देकर शरारती तत्वों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसपी अमितेश कुमार, बड़हरिया थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा, बीडीओ संदीप कुमार, गोपालगंज एसपी अवधेश दीक्षित, एडीपीओ सदर प्रांजल सहित मीरगंज, थावे, उचकागांव समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर सड़क जाम हटवाया।
बड़हरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर लगातार कैंप कर रही है। इस संबंध में सीवान पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से भी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई कि गांव में स्थिति नियंत्रण में है और जांच जारी है।