✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
बड़हरिया थाना क्षेत्र के यमुनागढ़ स्थित सरोवर में मिली किशोरी की लाश की पहचान हो गई है। शुक्रवार को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने सरोवर से एक किशोरी का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा था। पुलिस मृतका की पहचान में जुटी हुई थी, इसी दौरान मृतका के परिजन थाना पहुंचकर शव की पहचान की।
शव की पहचान लौवान योगी टोला निवासी वर्मा गोस्वामी की 16 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में की गई है। इस संबंध में मृतका के पिता वर्मा गोस्वामी ने बताया कि दो अप्रैल को उनकी पत्नी ने काजल कुमारी का मोबाइल छीन लिया था। इसी बात से नाराज होकर काजल उसी दिन घर से निकल गई थी। दो दिन बाद, चार अप्रैल को उसका शव यमुनागढ़ सरोवर में मिला।
परिजनों के अनुसार वर्मा गोस्वामी के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें काजल सबसे छोटी थी। बेटी की असामयिक मृत्यु से पूरा परिवार सदमे में है और रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों द्वारा लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: Barharia, Yamunagarh, Kajal Kumari, Drowning Case, Siwan Ne