Explore

Search

March 12, 2026 4:32 pm

बड़हरिया : यमुनागढ़ सरोवर में अज्ञात युवती का शव मिलने से फैली सनसनी

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

बड़हरिया (सिवान) : थाना क्षेत्र के यमुनागढ़ सरोवर में शुक्रवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच प्रारंभ की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ ग्रामीण सुबह यमुनागढ़ सरोवर की ओर गए थे, तभी उन्होंने सरोवर में एक युवती का शव उपलाता हुआ देखा। यह खबर जंगल की आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पाकर थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा, एसआई खुशबू कुमारी तथा एएसआई कौसर आलम मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

मृतका की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी, लेकिन उसकी उम्र लगभग 20 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखकर ग्रामीणों में चर्चा का दौर शुरू हो गया कि युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई हो सकती है, और बाद में शव को तालाब में फेंक दिया गया होगा।

हालांकि, थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है और युवती ने संभवतः खुद तालाब में कूदकर अपनी जान दी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर