✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
रानीपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 102 पर फार्म भरने से ग्रामीणों ने किया इन्कार, पुनरीक्षण कार्य रहा बाधित
बड़हरिया (सिवान): बड़हरिया प्रखंड के रानीपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 102 पर शनिवार की सुबह मतदाता पुनरीक्षण कार्य के दौरान उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई जब बीएलओ और पर्यवेक्षक से ग्रामीण उलझ पड़े। इस घटना के कारण पूरे दिन पुनरीक्षण कार्य प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, बीएलओ शौकत अली द्वारा मतदाताओं से पुनरीक्षण फार्म भरकर जमा करने को कहा गया, लेकिन ग्रामीणों ने फार्म देने से साफ इन्कार कर दिया। इसी बीच पर्यवेक्षक मनोज कुमार और कार्यपालक सहायक भी मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
विवाद की स्थिति को देखते हुए पर्यवेक्षक ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया और किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला नियंत्रण में किया।
इस पूरे घटनाक्रम की सूचना किसी ने प्रखंड कार्यालय में संबंधित अधिकारियों को दे दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे।
इस घटना से जहां मतदाता पुनरीक्षण कार्य बाधित रहा, वहीं कर्मियों में असुरक्षा की भावना भी देखी गई। संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की जा रही है कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

