✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
भाजपा नेताओं ने की दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, प्रशासन से वार्ता का दिया भरोसा
बड़हरिया प्रखंड के इजमाली गांव में यज्ञ के लिए चंदा मांगने गए युवकों पर 16 मार्च को शरारती तत्वों द्वारा किए गए जानलेवा हमले के मामले में भाजपा का एक शिष्टमंडल मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिला। इस दौरान भाजपा पश्चिमी जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी और पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने घायल नीतीश चौहान के परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
शिष्टमंडल में शामिल पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष धनंजय सिंह, अजय पासवान, अनुरंजन मिश्रा, मुकेश कुमार बंटी समेत अन्य नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ग्रामीणों ने बताई पूरी घटना
ग्रामीणों ने बताया कि 16 मार्च को बदरजीमी में आयोजित यज्ञ के लिए चंदा मांगने के लिए कुछ युवक कुर्मी टोला जा रहे थे। इसी दौरान इजमाली गांव के कुछ शरारती तत्वों ने घेरकर उनकी बाइक की चाबी निकाल ली और तलवार-फरसा से हमला कर दिया, जिसमें मुख्य रूप से नीतीश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य युवकों को हल्की चोटें आईं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इजमाली गांव के कुछ असामाजिक तत्व किसी भी जुलूस, बारात या शव यात्रा को रास्ते से नहीं निकलने देते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष का बयान
भाजपा पश्चिमी जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि भारत सभी धर्मों का सम्मान करने वाला देश है और इजमाली की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़क किसी विशेष समुदाय की नहीं हो सकती और प्रशासन को इस मामले में सख्त कदम उठाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से वार्ता कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
इस मौके पर प्रदेश मंत्री नंद प्रसाद चौहान, शर्मानंद राम, जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव, हरेंद्र कुशवाहा, रामपुकार चौहान, आभा सिंह कुशवाहा, किरण गुप्ता, जयप्रकाश गुप्ता, सुभाष सिंह कुशवाहा, कुंदन कुमार सिंह, सत्यम सिंह, ओमप्रकाश तिवारी, कृष्ण सिंह, पूर्व मुखिया मुन्ना पाल, सरपंच दिलीप कुमार कुशवाहा, भरत प्रसाद, संजय साह, सुरेश राम, शैलेंद्र सिंह, देवेंद्र गुप्ता, प्रहलाद सिंह आदि उपस्थित थे।