✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सोनबरसा मंदिर में यज्ञ के दौरान हुआ था झगड़ा, हत्या के बाद शव पोखडेरा के चंवर में फेंका
सीवान। पचरूखी थाना क्षेत्र के पोखडेरा गांव के चंवर से एक अप्रैल को मिला नागेंद्र कुमार राम का शव हत्या का नतीजा था। पुलिस जांच में सामने आया कि नागेंद्र की हत्या भोजन के विवाद में की गई थी।
मृतक की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी मुंद्रिका राम के 40 वर्षीय पुत्र नागेंद्र कुमार राम के रूप में हुई थी। इस हत्याकांड की जांच के दौरान पचरूखी पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर जीबी नगर थाना क्षेत्र के काली स्थान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सुरपुर छपिया निवासी धर्मेंद्र कुमार व गोविंद कुमार शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि यज्ञ के दौरान सोनबरसा मंदिर परिसर में भोजन को लेकर नागेंद्र से विवाद हुआ था। बात इतनी बढ़ गई कि झड़प में नागेंद्र की मौत हो गई।
घटना के बाद डर की वजह से दोनों ने नागेंद्र का शव पचरूखी थाना क्षेत्र के पोखडेरा गांव के चंवर में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पचरूखी थानाध्यक्ष सन्नी कुमार रजक ने बताया कि कांड संख्या 154/25 के तहत दर्ज मामले की तकनीकी शाखा और गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।