Explore

Search

March 18, 2026 12:04 pm

पचरूखी गोलीकांड: तीन सगे भाइयों पर फायरिंग, एक की मौत, चार युवक हिरासत में

पचरूखी गोलीकांड: तीन सगे भाइयों पर फायरिंग, एक की मौत, चार युवक हिरासत में
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

घरथवलिया में भूमि विवाद बना खूनी संघर्ष का कारण, मृतक इरशाद बीसीए ग्रेजुएट, गुजरात जाने वाला था

सिवान : पचरूखी थाना क्षेत्र के घरथवलिया गांव में शुक्रवार देर शाम भूमि विवाद को लेकर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन सगे भाइयों को गोली मार दी गई। इस घटना में एक भाई इरशाद खान उर्फ राजा खान की मौत हो गई, जबकि अजमत खान और कैफ खान गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है। वहीं, सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।

प्राथमिकी में चार युवकों के नाम
घायल अजमत खान के बयान पर गांव के ही कमल शर्मा, अंकित शर्मा, पंकज शर्मा और कुंदन शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अजमत ने बताया कि घटना के समय वह अपने बथान पर बैठा था तभी चारों युवक हथियार लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर कमल शर्मा ने उस पर गोली चला दी, जो उसके दाहिने हाथ में लगी।

गोली की आवाज सुनकर जब इरशाद और कैफ मौके पर पहुंचे, तो उन पर भी फायरिंग कर दी गई। अंकित शर्मा ने इरशाद को गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुंदन और पंकज ने कैफ को निशाना बनाया, जिसके बाद उसे गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।

जांच में जुटी पुलिस, पांच खोखा बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से पांच गोली के खोखे बरामद किए हैं। घटना के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम आरोपितों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

जनाजे में उमड़ी भीड़, पहुंचे ओसामा शहाब
शनिवार को मृतक इरशाद खान के जनाजे की नमाज अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग शामिल हुए। जनाजे में ओसामा शहाब भी पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।

इरशाद की अधूरी रह गई उड़ान
बताया जाता है कि मृतक इरशाद बीसीए की पढ़ाई पूरी कर चुका था और जुलाई में गुजरात जाने वाला था। उसका टिकट भी हो चुका था, लेकिन उससे पहले ही वह इस हिंसक वारदात का शिकार हो गया।

परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम
घटना के बाद से मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर अस्पताल में शोकाकुल माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने परिजनों को ढाढ़स बंधाया। जानकारी के अनुसार इरशाद चार भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर