Explore

Search

August 14, 2026 2:47 am

पचरुखी : घरथवलिया हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर धरना, सिवान पुलिस मुर्दाबाद के लगे नारे

घरथवलिया हत्याकांड में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर धरना, सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

समाहरणालय गेट पर भारी भीड़ जुटी, पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ फूटा आक्रोश

सीवान। पचरुखी थाना क्षेत्र के घरथवलिया गांव में 27 जून की देर शाम तीन सगे भाइयों पर हुई गोलीबारी की घटना को लेकर जनाक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना में इरशाद खान की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कैफ खान और अजमत खान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गुरुवार को इस मामले के मुख्य आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज़ परिजनों और ग्रामीणों ने समाहरणालय स्थित मुख्य द्वार पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया।

धरने में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए, जिन्होंने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है।

धरने में शामिल लोगों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जो न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। धरना के दौरान मुखिया संघ के जिला अध्यक्ष अजय भास्कर चौहान ने कहा, “न्याय में देरी, अन्याय के समान है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज होगा।”धरने में बड़हरिया विधायक भी शामिल हुए।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन आक्रोश साफ नजर आया। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो आगे और व्यापक स्तर पर विरोध होगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर