नीलगाय से टकराकर बाइक सवार राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
ससुराल जा रहे थे धीरन कुमार, रास्ते में हुआ हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सिवान: नौतन थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजमिस्त्री की जान चली गई। बांका और मठिया मोड़ के बीच अचानक एक नीलगाय के बाइक से टकरा जाने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे में घायल व्यक्ति को सदर अस्पताल लाया गया, जहां से स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अंगौता पांडेय टोला निवासी धीरन कुमार राम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक वे अपने ससुराल जा रहे थे कि तभी बांका मोड़ के पास अचानक एक नीलगाय ने उनकी बाइक पर छलांग लगा दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां से पटना रेफर करने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। स्वजन शव को वापस लेकर सिवान सदर अस्पताल आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने बताया कि धीरन राजमिस्त्री का काम करते थे और उन्हीं की कमाई से पूरा परिवार चलता था। उनकी कोई संतान नहीं थी। हादसे के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है।

