Explore

Search

December 13, 2025 4:34 pm

दारौंदा: सात दिवसीय हनुमंत महायज्ञ की तैयारी पूरी, कलश यात्रा आज होगी आयोजित

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

दारौंदा (सीवान)।
प्रखंड के चिंतावनपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मंगलवार से शुरू हो रहे द्वितीय वार्षिकोत्सव श्रीहनुमत महायज्ञ को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चैत्र शुक्ल एकादशी से प्रारंभ हो रहे इस सात दिवसीय महायज्ञ के लिए मंदिर परिसर को भव्य और आकर्षक ढंग से सजाया गया है। यज्ञशाला और प्रवचन पंडाल का निर्माण भी विधिपूर्वक और भव्यता के साथ किया गया है।

पूरे गांव में श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। तोरण द्वारों से सजे रास्तों पर भक्ति की छटा बिखरी है। महायज्ञ के शुभारंभ से पूर्व मंगलवार की सुबह कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। विशेष रूप से महिलाओं और कन्याओं की भागीदारी इस यात्रा में प्रमुख रहेगी। कलश यात्रा मंदिर परिसर से आरंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंचेगी, जिसके उपरांत यज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

इस सात दिवसीय महायज्ञ की पूर्णाहुति 14 अप्रैल को हवन, पूजन और आरती के साथ संपन्न होगी। इस दिन भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

यज्ञाधीश आचार्य आशीष गिरि ने जानकारी दी कि प्रतिदिन प्रवचन का आयोजन होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश की अयोध्या नगरी से पधारीं साधना महाराज द्वारा कथा और प्रवचन किया जाएगा। उनकी धार्मिक और आध्यात्मिक वाणी से श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस महायज्ञ का संचालन आचार्य अमित मिश्रा के नेतृत्व में होगा। गांव में इस आयोजन को लेकर अपार उत्साह देखा जा रहा है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर