दारौंदा में भाजपा मंडल कार्यसमिति की बैठक, विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बूथ स्तर तक मतदाताओं को जोड़ने का संकल्प, एनडीए की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर
सिवान (दारौंदा): प्रखंड मुख्यालय स्थित एक निजी विवाह भवन में सोमवार को भाजपा मंडल कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक का उद्घाटन पार्टी के प्रेरणा स्रोतों – डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला प्रभारी लालबाबू कुशवाहा ने कहा, “हमें अधिक से अधिक मतदाताओं को बूथ तक लाना है। हमारे इरादे और संगठन दोनों मजबूत हैं। हमें पूरे संकल्प के साथ विधानसभा चुनाव में उतरना है और एनडीए के विजन को जन-जन तक पहुंचाना है।”
भाजपा जिला महामंत्री हरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि एनडीए सरकार की योजनाएं हर घर तक पहुंच चुकी हैं और अब उनका संदेश हर दिल तक पहुंचाना है।
बैठक में मंडल अध्यक्ष बबलू सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष बजरंगबली सिंह, अरुण भारती, बृजनंदन सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि उमेश सिंह, महामंत्री मनीष सिंह, विवेक सिंह, पप्पू पासवान, जिला मंत्री उमाशंकर सिंह, बूथ अध्यक्ष उपेंद्र साह, वशिष्ठ नारायण सिंह, विक्रमा पंडित, खलीफा गिरि, रघुनाथ राम, रणजीत सिंह, संतोष ठाकुर, बेबी देवी, चिंता देवी समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने विचार रखे।
बैठक में तय किया गया कि मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाई जाएगी और जनसंपर्क अभियान को तेज कर भाजपा-एनडीए के प्रति विश्वास को और मजबूत किया जाएगा।