दारौंदा में बाइक सवार बदमाशों का कहर, 24 घंटे में नकद समेत 10 लाख की संपत्ति लूटी
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
स्वर्ण व्यवसायी और फाइनेंस कर्मी बने निशाना, इलाके में दहशत का माहौल
सिवान/दारौंदा: जिले के दारौंदा थाना क्षेत्र में बीते 24 घंटे के भीतर बाइक सवार बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर दो अलग-अलग स्थानों से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लूट ली। लगातार दो घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और आम लोग भयभीत हैं।
पहली घटना बुधवार की है, जब थाना क्षेत्र के बगौरा बाजार में दिनदहाड़े दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी दिलीप कुमार सोनी की दुकान पर धावा बोल दिया। पिस्टल लहराते हुए आए बदमाशों ने दुकान में लूटपाट शुरू कर दी। जब दुकानदार ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उनके सिर पर पिस्टल की बट से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश दुकान में रखे कीमती आभूषणों को बोरे में भरकर फरार हो गए। बताया गया कि सभी बदमाशों ने अपने चेहरे को गमछे से ढक रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। दुकानदारों ने विरोध स्वरूप अपनी दुकानें बंद कर दीं और पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, एसपी मनोज कुमार तिवारी एवं डीआईजी नीलेश कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित व्यवसायी एवं आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। बताया गया कि घटनास्थल से बदमाशों की चार गोली सड़क पर गिरी पाई गई।
दूसरी घटना मंगलवार की रात की है, जब सिवान-छपरा मुख्य पथ पर ढोलकिया पुल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उत्कर्ष फाइनेंस के एक कर्मचारी से हथियार का भय दिखाकर 55 हजार रुपये लूट लिए। लूट के बाद बदमाश चैनवा की ओर फरार हो गए।
दोनों घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्रीय व्यवसायी और आम नागरिक डरे हुए हैं तथा पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

