Explore

Search

December 15, 2025 11:34 am

दारौंदा के कोड़ारी कलां में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान।
दारौंदा थाना क्षेत्र के कोड़ारी कलां गांव में सोमवार की दोपहर काली मंदिर के समीप हुए विद्युत शॉर्ट सर्किट से भीषण अगलगी की घटना सामने आई, जिसमें करीब चार बीघा में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों के अथक प्रयासों के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में अचानक खेत से आग और धुएं की लपटें उठती देख लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया और बाल्टी, पाइप, मिट्टी लेकर खेत की ओर दौड़ पड़े। हवा की गति तेज होने के कारण आग तेजी से फैल गई और जब तक उसे नियंत्रित किया जाता, तब तक चार बीघा से अधिक गेहूं की फसल जल चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस अगलगी में गणेश प्रसाद, रामानंद प्रसाद, दिलीप शर्मा, महेश प्रसाद, संदीप प्रसाद, अनिल प्रसाद, राधेश्याम प्रसाद, बबलू प्रसाद, जगदीश प्रसाद और कृष्ण पंडित की गेहूं की तैयार फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं।

किसानों ने बताया कि यह फसल अब कटाई के लिए तैयार थी और इसी में उन्हें सबसे अधिक मेहनत और लागत लगी थी। अब सारी मेहनत आग की भेंट चढ़ गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों को अविलंब सर्वे करा उचित मुआवजा दिया जाए ताकि वे आगामी फसल के लिए फिर से खड़े हो सकें।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर