दारौंदा के कृषि केंद्र पर कुव्यवस्था से भड़के किसान, गेहूं बीज उतारने में हुई देरी
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
धानाडीह स्थित सीड प्रोसेसिंग प्लांट पर संग्रहण कार्य धीमी गति से शुरू, अधिकारियों ने दिया आश्वासन
दारौंदा (सिवान): प्रखंड के धानाडीह स्थित कृषि फार्म परिसर में रबी सीजन के लिए बिहार राज्य बीज निगम द्वारा स्थापित सीड प्रोसेसिंग प्लांट पर शनिवार को गेहूं बीज संग्रहण कार्य कुव्यवस्था के बीच शुरू हुआ, जिससे किसानों में नाराजगी देखी गई।
सुबह से ही विभिन्न पंचायतों से किसान अपने ट्रैक्टर पर गेहूं बीज लेकर प्लांट पहुंचे, लेकिन मौके पर पलदार की व्यवस्था नहीं होने के कारण बीज उतारने की प्रक्रिया काफी धीमी रही। इंतजार से परेशान किसानों ने व्यवस्था को लेकर आक्रोश जताया।
किसानों ने बताया कि तय समय पर पहुंचने के बावजूद उन्हें कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हुई।
इस संबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी विक्रमा मांझी ने कहा कि कुछ अस्थायी समस्याएं थीं, जिन्हें शीघ्र सुलझा लिया गया है। अब स्थिति सामान्य है और बीज संग्रहण कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।