Explore

Search

June 24, 2026 12:55 pm

दरौली: चूल्हे से उड़ी चिंगारी ने मचाई तबाही, 10 घर जलकर राख

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

10 लाख से अधिक की संपत्ति स्वाहा, पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर

दरौली प्रखंड के डुमरहर गांव में रविवार देर शाम चूल्हे से उड़ी चिंगारी ने भीषण अग्निकांड का रूप ले लिया, जिसमें 10 घर जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घरों में रखा सारा सामान स्वाहा हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों की संपत्ति जल चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के एक घर में जल रहे चूल्हे से निकली चिंगारी ने अचानक आग पकड़ ली और तेज हवा के कारण आसपास के 10 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर बीडीओ दीप्ति शिखा, सीओ विद्याभूषण भारती, थानाध्यक्ष रौशन कुमार और प्रमुख शांति देवी मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।

इस घटना में करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई, जिसमें 50 हजार रुपये नकद, आभूषण, कपड़े, बर्तन, अनाज, लकड़ी और आवश्यक कागजात शामिल हैं। पीड़ितों में ज्योति देवी, शांति देवी, रमावती देवी, सरोज देवी, ज्ञांति देवी, मुन्नी देवी, रुचि देवी, शैलेश राजभर सहित अन्य शामिल हैं।

इस अगलगी के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। गांव में मातम का माहौल है, महिलाएं विलाप कर रही हैं। प्रशासन ने राहत कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है। सीओ विद्याभूषण भारती ने बताया कि राजस्व निरीक्षक और कर्मियों को मौके पर भेजा गया है, सर्वे के बाद पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर