Explore

Search

February 9, 2026 1:41 am

जामो : विद्युत करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत, ग्रिड की लापरवाही पर परिजनों का आक्रोश

विद्युत करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत, ग्रिड की लापरवाही पर परिजनों का आक्रोश
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

जामो-मझवलिया में पोल पर काम कर रहे अमरेश यादव की गई जान, बिना सूचना दिए सप्लाई बहाल करने का आरोप

गोरेयाकोठी (सिवान) : जामो बाजार थाना क्षेत्र के जामो व मझवलिया पंचायत के पास रविवार दोपहर बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक मानव बल की मौत हो गई। मृतक की पहचान भादा खुर्द पंचायत अंतर्गत बरवां डुमरी निवासी अमरेश कुमार यादव (पुत्र : ललन राय) के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, गोरेयाकोठी फीडर में खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसके सुधार हेतु अमरेश यादव अन्य बिजलीकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। ग्रिड से शटडाउन लेकर फाल्ट खोजने का प्रयास किया जा रहा था।

इसी दौरान जब फाल्ट ठीक कर लिया गया, तो किसी ने ग्रिड को सप्लाई शुरू करने की सूचना दे दी, जबकि उस समय अमरेश पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे। अचानक बिजली चालू होने से वे करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए

स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सिवान सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। मृतक के संबंधी जयप्रकाश यादव ने आरोप लगाया कि ग्रिड की लापरवाही से अमरेश की जान गई है।

करीब 12 वर्षों से बिजली विभाग के लिए कार्यरत अमरेश, अपने अनुभव के बावजूद सिस्टम की लापरवाही का शिकार हो गए।

मामला बढ़ता देख जेई शशिभूषण अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाते हुए मुआवजा, पत्नी को नौकरी और अन्य सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर