मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक शुक्ला, ज़ीरादेई से टिकट की दावेदारी पेश की
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
नीतीश से मुलाकात के बाद बोले – राजनीति नहीं, ज़ीरादेई का विकास ही मेरा मकसद
ज़ीरादेई (सिवान): ज़ीरादेई विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक शुक्ला ने आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करते हुए दावा किया है कि पार्टी की ओर से उन्हें टिकट मिलने की पूरी संभावना है। उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर ज़ीरादेई क्षेत्र के विकास संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की है।
विवेक शुक्ला ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि ज़ीरादेई क्षेत्र का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने कहा कि यह इलाका वर्षों से विकास से उपेक्षित रहा है और अब समय आ गया है कि यहां के लोगों को उनका हक और सुविधा मिले।
उन्होंने कहा, “मैं न तो सिर्फ विधायक बनने की चाह रखता हूं और न ही राजनीतिक पदों की दौड़ में हूं। मेरा एकमात्र मकसद है ज़ीरादेई को विकास की मुख्यधारा में लाना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मेरी जो बातचीत हुई, उसमें उन्होंने मुझे कई विषयों पर भरोसा दिलाया है और मुझे पूरी आशा है कि पार्टी मेरे दावे पर सकारात्मक निर्णय लेगी।”
गौरतलब है कि विवेक शुक्ला लंबे समय से जदयू संगठन से जुड़े हुए हैं और पार्टी के कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। वर्तमान में वे प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक व्यक्ति या एक सीट का नहीं, बल्कि बिहार की दिशा तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में छूटे हुए विकास को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
शुक्ला ने स्पष्ट किया कि वे एनडीए गठबंधन के नेतृत्व में चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं और जनता के बीच विकास को ही प्रमुख मुद्दा बनाएंगे। उन्हें भरोसा है कि ज़ीरादेई की जनता उनके विजन और प्रतिबद्धता को स्वीकार करेगी।

