Explore

Search

March 15, 2026 2:33 pm

चैनपुर: लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, 47 हजार रुपये और सोने की चेन लूटी

सिवान: लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, 47 हजार रुपये और सोने की चेन लूटी
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

महेंद्रनाथ मंदिर के समीप छह बदमाशों ने की वारदात, घायल प्रशांत कुमार सदर अस्पताल में भर्ती

सिवान: चैनपुर थाना क्षेत्र के महेंद्रनाथ मंदिर के समीप सोमवार को लूट का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। छह बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया और गोली मारकर घायल कर दिया। घायल की पहचान आंदर थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव निवासी सत्येंद्र सिंह के 27 वर्षीय पुत्र प्रशांत कुमार के रूप में हुई है।

प्रशांत कुमार अपनी मां और बहन के साथ महेंद्रनाथ मंदिर दर्शन के लिए आया था। दर्शन के बाद वह अपनी मां को बंगरा गांव छोड़कर वापस बहन को मंदिर से लाने लौट रहा था, तभी मंदिर के पास एक बगीचे में छह युवकों ने उसे घेर लिया।

एक बदमाश ने मंदिर का रास्ता पूछकर उसे रोका और जैसे ही प्रशांत ने दिशा बताई, सभी बदमाशों ने उसके साथ लूटपाट शुरू कर दी। प्रशांत की जेब में रखे 47 हजार रुपये छीन लिए गए। इसके बाद जब बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन लूटने की कोशिश की, तो प्रशांत ने विरोध किया।

विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर गोली चला दी, जो उसके पेट को भेदती हुई निकल गई। प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर