✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
गोरेयाकोठी पुलिस ने लद्धी बाजार में की छापेमारी, कुख्यात तस्कर गिरफ्तार
गोरेयाकोठी (सिवान): स्थानीय पुलिस ने मंगलवार देर शाम थाना क्षेत्र के लद्धी बाजार में छापेमारी कर 15 लीटर शराब के साथ एक कुख्यात शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर रविरंजन कुमार उर्फ टुन्ना, लद्धी बाजार का निवासी है और थाना के टॉप टेन शराब तस्करों में शामिल है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। रायल स्टैग ब्रांड की 375 एमएल की 40 बोतलें बरामद की गईं, जिसकी कुल मात्रा 15 लीटर बताई जा रही है। पूछताछ के बाद आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया।
शराब तस्करी में पहले से संलिप्त था आरोपी
थानाध्यक्ष के अनुसार, आरोपी का नेटवर्क बाजार व आसपास के इलाकों में फैला हुआ था, जहां वह शराब की आपूर्ति करता था। उसके खिलाफ पहले से ही शराब तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तस्कर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मुखबिरों को तैनात किया था, जिसके बाद वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस बलों ने पीछा कर दबोचा
इस मामले में अवर निरीक्षक अरुण कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को संध्या गश्ती के दौरान करीब साढ़े सात बजे गुप्त सूचना मिली थी कि लद्धी बाजार के काली स्थान के समीप रविरंजन शराब बेच रहा है। पुलिस ने छापेमारी की तो आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस बलों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। बोरे की तलाशी लेने पर शराब की खेप बरामद हुई।