✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
भरौली गांव में हाई वोल्टेज तार से निकली चिंगारी ने मचाई तबाही, कई किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
सीवान। गुठनी थाना क्षेत्र के भरौली गांव में सोमवार की सुबह बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने भीषण अगलगी की घटना को अंजाम दिया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते खेतों में लगी करीब 10 एकड़ की गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार हादसे के वक्त किसान गेहूं की कटनी कर घर लौटे ही थे कि तभी हाई वोल्टेज विद्युत तार से गिरी चिंगारी ने खेतों में आग लगा दी। हवा तेज होने के कारण आग ने तेजी से फैलकर पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। धुआं व लपटें देख आसपास के करीब आधा दर्जन गांवों के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। मिट्टी डालने और पंपसेट चलाने की कोशिशें की गईं, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी पहुंची, तब तक 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र की गेहूं की फसल खाक हो चुकी थी। आग पर काबू तो पाया गया, लेकिन तब तक कई किसानों की सालभर की मेहनत जल चुकी थी।
घटना में जिन किसानों की फसल जली है, उनमें अर्जुन ठाकुर, लालबाबू यादव, चंद्रिका यादव, राघो राय, बलिंद्र राय, शेखावत अंसारी, ईश्वरी राम, हरेराम गोड़, विद्यानंद प्रसाद, बृजकिशोर शर्मा, हरेंद्र गोड़ और मैनुद्दीन अंसारी समेत अन्य किसान शामिल हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं, लेकिन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।