✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
मारपीट और धमकी के मामले में हिरासत में लिए गए जिला पार्षद थाना परिसर से फरार, अब तक नहीं हुई प्राथमिकी
गुठनी थाना क्षेत्र के सोहागरा धाम के महंत के साथ मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए गुठनी पश्चिमी के जिला पार्षद छोटेलाल यादव के विरुद्ध अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित और आम लोगों में गहरा रोष है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को महंत अरविंद कुमार गिरि के साथ जिला पार्षद ने पिस्टल दिखाकर मारपीट की, धमकी दी और गाली-गलौज की। इसके बाद ग्रामीणों ने छोटेलाल यादव को पिस्टल के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन, पूछताछ के दौरान जिला पार्षद मौका देखकर थाना परिसर से फरार हो गया।
अब तक दर्ज नहीं हुई प्राथमिकी, पुलिस पर मिलीभगत के आरोप
इस घटना के बाद महंत अरविंद गिरि ने थाना में आवेदन दिया, लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने जानबूझकर कार्रवाई नहीं की और राजनीतिक प्रभाव में आकर मामला दबाने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के वक्त जिला पार्षद नशे में था, लेकिन पुलिस ने उसकी शराब की जांच भी नहीं कराई। महंत अरविंद गिरि ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि थाना से भगाने में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है।
इस मामले में जब थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लोगों में आक्रोश, न्याय की मांग
इस घटना को लेकर क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों और महंत समर्थकों ने जल्द से जल्द प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।