✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक, 2025 में 225 सीटों पर जीत का संकल्प
सिवान : भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में बुधवार को जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता पश्चिमी जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण और वंदे मातरम् गान से की गई।
मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री जगरनाथ ठाकुर ने कहा कि “आईएनडीआई गठबंधन भ्रष्टाचारियों का समूह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त राष्ट्र बना है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने भारत की मातृशक्ति की ताकत को वैश्विक स्तर पर साबित किया है।” उन्होंने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए बिहार में 225 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जिसे कार्यकर्ताओं की ताकत से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर सिवान भाजपा की ऐतिहासिक विरासत को याद करते हुए जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने पंडित जनार्दन तिवारी, राजदेव सिंह, भृगुनाथ प्रसाद, रामाकांत पाठक जैसे पूर्वज नेताओं के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्रवाद और तुष्टिकरण विरोधी राजनीति को प्राथमिकता दी है।
दारौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने धारा 35A की समाप्ति को भारत के एकीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।
पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह ने भाषावाद और क्षेत्रवाद को समाप्त करने में केंद्र की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल समेत अन्य वक्ताओं ने भी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अनुराधा गुप्ता ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री नंद प्रसाद चौहान, हरेंद्र कुशवाहा, प्रो. अभिमन्यु कुमार सिंह, आनंद पाठक, प्रदीप रोज, त्रिलोकी सिंह पटेल, सोनी गुप्ता समेत जिले के सभी मंडल अध्यक्ष व कार्यसमिति सदस्य उपस्थित रहे।