Explore

Search

January 20, 2026 1:57 pm

आंदर : फसलों को नुकसान पहुंचा रहीं नीलगाय, किसान परेशान और वन विभाग मौन

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

आंदर प्रखंड के दर्जनों गांवों में नीलगायों का आतंक, किसानों की मेहनत पर फिर रहा पानी

आंदर (सिवान) : प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में इन दिनों नीलगायों का आतंक किसानों के लिए भारी मुसीबत बन गया है। दिन हो या रात, खेतों में नीलगायों का झुंड धावा बोल रहा है और खेतों में लगी फसलों को तहस-नहस कर रहा है। इससे किसानों में गहरी मायूसी और रोष देखा जा रहा है।

किसानों ने बताया कि उन्होंने गरमा सीजन की फसलों की बुवाई की थी, लेकिन नीलगायों के उत्पात ने उनकी मेहनत और लागत दोनों पर पानी फेर दिया है। बरवां, पिपरा, असांव, बभनौली, तियांय सहित अन्य गांवों के किसान उदय सिंह, लक्ष्मण यादव, मृत्युंजय सिंह, नागमणि पाठक, ददन पाठक, मालिक दुबे, काशी चौधरी समेत दर्जनों किसानों ने बताया कि नीलगायों ने कई एकड़ में लगी गेहूं, साग-सब्जी और अन्य फसलों को बर्बाद कर दिया है।

स्थिति यह हो गई है कि किसान रातभर अपने खेतों में जागकर पहरेदारी कर रहे हैं ताकि नीलगायों से फसल को किसी तरह बचाया जा सके। बावजूद इसके, झुंड के रूप में आने वाली नीलगायें फसलों को नुकसान पहुंचा रही हैं।

किसानों का कहना है कि नीलगाय के आतंक से निजात पाने के लिए कई बार वन विभाग को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। विभाग की निष्क्रियता से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नीलगायों के आतंक से निजात दिलाने के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि उनकी मेहनत और निवेश की रक्षा हो सके।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर