अयोध्या धाम दर्शन के लिए सिवान से बस रवाना, विधायक व्यास सिंह ने दिखाया झंडी
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
श्रीराम जन्मभूमि के दर्शन को सैकड़ों श्रद्धालु हुए रवाना, धार्मिक पर्यटन को मिल रहा है बढ़ावा
सिवान : बड़हरिया मोड़ से शनिवार को अयोध्या धाम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं से भरी बस को दारौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस धार्मिक यात्रा का आयोजन क्षेत्रीय जनता के लिए किया गया है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
विधायक व्यास सिंह ने बताया कि अयोध्या यात्रा न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि यह सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या हिंदू आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है और ऐसे तीर्थ यात्राएं आंतरिक शांति और भक्ति का अनुभव कराती हैं।
श्रीराम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी सहित कई स्थलों का होगा दर्शन
इस यात्रा में श्रद्धालुओं को अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन कराया जाएगा, जिसमें श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमान गढ़ी समेत अन्य पवित्र स्थान शामिल हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में पहल
व्यास सिंह ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस तरह की यात्राएं धार्मिक भावना के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति देती हैं।
तीन सौ से अधिक कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी हरेंद्र कुशवाहा, जिला मंत्री उमाशंकर सिंह, जिला प्रवक्ता देवेंद्र तिवारी, पांचों मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह, अवधेश यादव सहित लगभग 300 भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
