सांसद व एसडीओ ने किया महाराजगंज में केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बच्चों के लिए शिक्षा का नया द्वार खुला, सांसद सिग्रीवाल ने बताया ऐतिहासिक दिन
महाराजगंज (सिवान) : अनुमंडल मुख्यालय स्थित गोरख सिंह महाविद्यालय परिसर में सोमवार को केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत की गई। उद्घाटन समारोह में स्थानीय सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, पूर्व विधायक हेमनारायण साह, एसडीओ अनीता सिन्हा, एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन, केंद्रीय विद्यालय संगठन पटना संभाग के उपायुक्त अनुराग भटनागर और महाविद्यालय के अध्यक्ष सह निदेशक प्रो. अभय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर विद्यालय का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सांसद सिग्रीवाल ने कहा कि यह दिन महाराजगंज के लिए ऐतिहासिक है। वर्षों से लंबित मांग अब पूरी हो गई है और अब यहां के बच्चों को केंद्रीय विद्यालय की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि 2011 में ही इस विद्यालय को महाराजगंज में खुलना था, लेकिन किसी कारणवश यह दारौंदा के उजांय में खोला गया था, जो भवन के अभाव में बंद हो गया।
सांसद ने कहा कि उन्होंने लोकसभा में इस मुद्दे को उठाया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मिलकर महाराजगंज में विद्यालय शुरू करने की मांग की। मंत्री ने तत्परता दिखाते हुए केंद्रीय विद्यालय संगठन को निर्देश दिया, जिसके बाद यह सपना साकार हुआ।
सिग्रीवाल ने इस कार्य के लिए गोरख सिंह महाविद्यालय के निदेशक प्रो. अभय कुमार सिंह की सराहना की, जिन्होंने कॉलेज परिसर में विद्यालय संचालन की अनुमति दी। साथ ही जिला एवं अनुमंडल प्रशासन और केंद्रीय विद्यालय संगठन का भी आभार जताया।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन केंद्रीय विद्यालय में कराएं ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
समारोह में केंद्रीय विद्यालय सिवान, छपरा, मोतिहारी और पटना के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष रंजीत प्रसाद, प्राचार्य हेमंत कुमार साहू, डा. त्रिपुरारी शरण सिंह, राहुल सिंह, संजय सिंह राजपूत, अजय कुमार सिंह, अवधेश पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
