नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पारिवारिक झड़प में छह घायल
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
महाराजगंज थाना क्षेत्र में घटना, पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में दिया आवेदन
सीवान : महाराजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार रात एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आरोपित घटना सामने आई है। इसके बाद पीड़िता के परिजनों और आरोपियों के परिवार के बीच शुक्रवार सुबह हुई मारपीट में करीब छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने महाराजगंज थाना में आवेदन दिया है, हालांकि समाचार प्रेषण तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी।
बताया जाता है कि गुरुवार रात नाबालिग लड़की अपने घर की छत पर सो रही थी, तभी पड़ोस के दो युवकों ने सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया। लड़की के चिल्लाने पर परिजनों के छत पर पहुंचने के बाद आरोपी युवक भाग निकले।
शुक्रवार सुबह पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों के घर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। बाद में पीड़िता को लेकर परिजन थाना पहुंचे, जहां महिला दारोगा ने उसका बयान दर्ज किया।
