महिला संवाद कार्यक्रम में दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी, जीविका से जुड़कर महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान: जिले के विभिन्न प्रखंडों में रविवार को जीविका द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
रघुनाथपुर प्रखंड के मुरारपट्टी स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बीपीएम अशोक कुमार ने महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद महिलाएं साहूकारों के चंगुल से निकलकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बालिका साइकिल योजना, महिला उद्यमिता योजना, सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड, मेधावृत्ति योजना, किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम, खेल प्रशिक्षण योजना, नारी शक्ति योजना, महिला हेल्पलाइन, कन्या विवाह योजना जैसी दर्जनों योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं जिनमें सुमन देवी, चंद्रावती देवी, अनीता देवी, संतोषी देवी, प्रियंका सिंह, कंचन कुमारी, रिंकी कुमारी, पिंकी कुमारी, सरिता देवी, गुड़िया देवी आदि प्रमुख थीं।
वहीं दारौंदा प्रखंड के कौथुआ सारंगपुर, बालबंगरा और रूकुंदीपुर पंचायत के कटवार में भी उजाला, पायल और मोती जीविका महिला ग्राम संगठनों द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में वीडियो फिल्म के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई।
बीपीएम अमित प्रीतम ने कहा कि जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं विभिन्न प्रकार के रोजगार से जुड़ रही हैं और अपनी एक अलग पहचान बना रही हैं। कार्यक्रम में जीविका से उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं, जो बाकी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनीं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय समन्वयक किशोर कुमार ने सभी सरकारी योजनाओं को विस्तार से बताया। मौके पर राकेश कुमार, रिंकू कुमारी, पवन कुमार, रीता कुमारी, श्रीकांति देवी, प्रमिला देवी, आरती देवी, अमर कुमार, दिनेश कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।
