जिले में त्याग और समर्पण का पर्व बकरीद शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
ईदगाहों और मस्जिदों में अदा की गई नमाज, अमन-चैन की मांगी गई दुआएं, प्रशासन ने किया चाक-चौबंद इंतजाम
सिवान: जिला मुख्यालय समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों में शनिवार को त्याग और समर्पण का प्रतीक ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार पूरी श्रद्धा, शांति और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर पर्व की बधाई दी और भाईचारे का संदेश दिया। इसके बाद अल्लाह की रजा के लिए लोगों ने जानवरों की कुर्बानी दी।
शहर के नवलपुर ईदगाह, बड़ी मस्जिद, दरबार मस्जिद, कागजी मोहल्ला की मस्जिद समेत अन्य स्थलों पर भी नमाज अदा की गई। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक पैमाने पर बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। दारौंदा, जीरादेई, मैरवा, महाराजगंज, बड़हरिया, रघुनाथपुर, आंदर, हसनपुरा, हुसैनगंज, सिसवन, बसंतपुर, भगवानपुर हाट, गुठनी, पचरुखी, नौतन और दरौली समेत जिले के सभी क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय ने इस पाक दिन को इबादत और कुर्बानी के साथ मनाया।
त्योहार के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन सतर्क रहा। हर प्रखंड में मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस बल तैनात किया गया था। थानाध्यक्षों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त पर रखा गया था। बड़हरिया के थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा और रघुनाथपुर के थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी अपने दल बल के साथ लगातार निगरानी में जुटे रहे।
वहीं, कई ईदगाहों के पास लगे मेलों में बच्चों और परिजनों ने खरीदारी की और त्योहार का आनंद लिया। कुल मिलाकर पूरे जिले में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
