सिवान : प्रशांत किशोर की बिहार बदलाव यात्रा सिवान पहुंची, कहा – प्रदेश में जनता का राज स्थापित करने में निभाएं भूमिका
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिसवन से महाराजगंज तक निकाली पदयात्रा, जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत
सिवान: बिहार में संपूर्ण क्रांति और व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर द्वारा निकाली जा रही बिहार बदलाव यात्रा शुक्रवार को सिवान जिले में पहुंची। यात्रा की शुरुआत सिसवन प्रखंड के महेंद्रनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई।
प्रशांत किशोर ने इसके बाद नोनिया पट्टी, बघौना, सिसवन बाजार, चैनपुर, हसनपुरा, करमासी, अरजल, हड़सर, दारौंदा, महाराजगंज राजेंद्र चौक, जिगरहवां, पटेढ़ा, मोरा खास, विमल चौक व चक्रवृद्धि बाजार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जन समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया।
हसनपुरा मजार पर चादरपोशी कर उन्होंने बिहार के विकास की कामना की, जबकि दारौंदा बाजार में समर्थकों ने लड्डुओं से तौलकर उनका अभिनंदन किया। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि “बिहार में जमीन की रसीद कटवाने से लेकर राशन कार्ड बनवाने तक हर काम के लिए लोगों को रिश्वत देनी पड़ती है। अधिकारी और नेता दोनों आम जनता को लूट रहे हैं।” उन्होंने जनता से आह्वान किया कि “ऐसे नेताओं से दूर रहिए और प्रदेश में जनता का सशक्त राज स्थापित करने में अपनी जिम्मेदारी निभाइए।”
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर कार्य करने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, मुन्ना पांडेय, जिला संगठन महासचिव नूरआलम सिद्दीकी, पिंकी देवी, कोर कमेटी सदस्य इष्टदेव तिवारी, इंतखाब अहमद, डा. शहनवाज, माधुरी सिंह कुशवाहा, नरसिंह चौहान, अभिषेक कुमार, सत्येंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहे।
