✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
भांटापोखर गांव की घटना, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
सिवान: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भांटापोखर गांव में शुक्रवार की सुबह एक महिला ने घरेलू विवाद से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मुस्ताक अली की पत्नी शबाना खातून के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि उसी विवाद से आहत होकर शबाना ने शुक्रवार की सुबह अपने घर के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
इस घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मच गया। उन्होंने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। दहेज हत्या के आरोपों की जांच की जा रही है, सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
