✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
स्वावलंबी बनने के लिए महिलाओं को किया गया जागरूक, ग्राम हाट और डेयरी केंद्र की मांग उठी
सिवान: जिले के विभिन्न प्रखंडों में सोमवार को जीविका संगठन द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं को स्वावलंबी बनाने हेतु सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई तथा इसका लाभ उठाने के लिए उन्हें प्रेरित किया गया।
महाराजगंज प्रखंड के रिसौरा पंचायत में शांति महिला जीविका ग्राम संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी आकांक्षाओं को साझा किया। जीविका दीदियों ने पंचायत स्तर पर ग्रामीण हाट और डेयरी केंद्र की स्थापना की मांग की, ताकि उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री के लिए उचित बाजार उपलब्ध हो सके। आकांक्षा व्यक्त करने वालों में अनीता देवी, संगीता देवी, पूनम देवी, सुशीला देवी, शोभावती देवी, कलावती साह, सलमा खातून, नसीमा खातून और फातिमा देवी शामिल रहीं। कार्यक्रम में प्रखंड परियोजना प्रबंधक सुभाष कुमार, लाइवलीहुड विशेषज्ञ विपिन कुमार सिंह, क्षेत्रीय समन्वयक सुनील कुमार, सामुदायिक समन्वयक अमित कुमार समेत कई दीदियां मौजूद रहीं।
इसी तरह, रघुनाथपुर प्रखंड के चकरी और कुशाहरा पंचायतों में भी महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। चकरी के आंबेडकर भवन और कुशहरा के जमनपुरा स्थित श्रीजटाहवा बाबा मंदिर परिसर में कार्यक्रम हुए, जिनका उद्घाटन प्रखंड परियोजना पदाधिकारी अशोक कुमार और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर महिलाओं को ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई।
दारौंदा प्रखंड के पिनर्थु खुर्द पंचायत के पसीवड़ में भी महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। जिला परियोजना प्रबंधक कृष्णा कुमार गुप्ता ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और महिलाओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को जीविका दीदियों तक पहुँचाना और उन्हें सशक्त बनाना है। इस अवसर पर बीपीएम अमित प्रीतम समेत कई अधिकारी व जीविका कर्मी उपस्थित रहे।
