✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
हुसैनगंज, सिसवन, हसनपुरा और दारौंदा प्रखंडों में जीविका संगठन के तहत हुआ आयोजन, सैकड़ों महिलाएं रहीं उपस्थित
सिवान : जिले के विभिन्न प्रखंडों – हुसैनगंज, सिसवन, हसनपुरा एवं दारौंदा – में रविवार को जीविका महिला ग्राम संगठन की ओर से महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और उन्हें राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही महिला सशक्तीकरण योजनाओं की जानकारी दी गई।
हुसैनगंज में दिया गया योजनाओं का डिजिटल व पत्रक माध्यम से परिचय
हुसैनगंज प्रखंड के छाता पंचायत अंतर्गत हथौड़ी गांव में बीपीएम अमित कुमार चौधरी के नेतृत्व में कबीर जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा महिला संवाद हुआ। डिजिटल जागरुकता रथ और लीफलेट्स के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई। सरकारी नौकरी में आरक्षण, पंचायती राज में 50% आरक्षण, कन्या उत्थान योजना, पोशाक एवं साइकिल योजना, वृद्ध/विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री महिला उद्यम योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान आठ महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए।
हसनपुरा में दो सौ से अधिक जीविका दीदियों की उपस्थिति
तेलकथू पंचायत के तेलकथू और सुरुहुरीडीह गांव में हिंद ग्राम संगठन द्वारा महिला संवाद हुआ, जिसमें प्रखंड परियोजना प्रबंधक रजनीश कुमार, जिला कार्यालय के रवि कुमार व अन्य अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी।
दारौंदा के कौथुआ सारंगपुर में साझा किए गए अनुभव
यहां भी जीविका व अन्य विभागों के सहयोग से कार्यक्रम हुआ। बीपीएम अमित प्रीतम ने बताया कि इस संवाद का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस अवसर पर 10 महिलाओं ने अपनी उपलब्धियों की कहानी साझा की।
सिसवन में भी हुआ आयोजन
हरेराम ब्रह्मचारी हाईस्कूल मैदान में जीविका महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पंचायत की जीविका दीदियों और अन्य महिलाओं ने भाग लिया। बीडीओ राजेश कुमार ने बताया कि यह सरकार द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम है, जिससे महिलाओं को जागरूक कर योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
