✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत, आरोपित ने आरोपों को बताया निराधार
हुसैनगंज (सीवान): थाना क्षेत्र के मड़कन निवासी इरशाद अनवर ने हुसैनगंज थाना में आवेदन देकर स्थानीय निवासी सुनील कुमार सोनी और अन्य लोगों पर जबरन जमीन कब्जा करने और विरोध करने पर हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में बताया कि 3 मार्च को सुनील कुमार सोनी अपने कुछ हथियारबंद साथियों के साथ जबरन उनकी जमीन पर कब्जा करने के लिए नींव खोद रहा था। जब इरशाद अनवर ने इसका विरोध किया तो आरोपित ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग जाने को कहा। इसके बाद आरोपित के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और जमीन सुनील कुमार सोनी के नाम रजिस्ट्री करने का दबाव डाला। इस दौरान, सुनील कुमार सोनी ने उनके गले से ढाई लाख रुपये की प्लेटिनम चेन भी छीन ली।
इस मामले में हुसैनगंज थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आरोपित सुनील कुमार सोनी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।