स्वराज सिंह
पदाधिकारियों ने की आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील
हसनपुरा में आगामी होली और ईद को लेकर मंगलवार को एमएच नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ आनंद प्रकाश सिंह और सीओ उदयन सिंह ने की, जबकि ईओ मुकेश कुमार राज और थानाध्यक्ष मिहिर कुमार की उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों के साथ आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने होली के दिन डीजे और अश्लील गीतों पर पूरी तरह पाबंदी लगाने की बात कही। थानाध्यक्ष मिहिर कुमार ने निर्देश दिया कि होली पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए, किसी भी तरह की हुड़दंगबाजी करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
बैठक के दौरान बीडीओ और सीओ ने स्थानीय लोगों से त्योहारों के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं की जानकारी ली और प्रशासन द्वारा जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया। साथ ही, सभी से मिल-जुलकर त्योहार मनाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि नोमान अहमद, चेयरमैन प्रतिनिधि महेश गुप्ता, उप चेयरमैन प्रतिनिधि तबरेज आलम उर्फ सोनू, पिंटू खान, शेखर सिंह, तोहीद जया, मोतीलाल प्रसाद, हृदयानंद यादव, संजय कुमार यादव, जयप्रकाश यादव, जावेद खान, जितेंद्र सिंह कुशवाहा, वीरेंद्र सिंह सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।