Explore

Search

January 19, 2026 7:30 am

हसनपुरा : मदरसा गौसिया के आलिम-ए-दीन अल्हाज हाफिज जलालुद्दीन साहब के निधन पर शोक

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

दीनी तालीम को समर्पित जीवन, हजारों शागिर्दों को दी रोशनी, जनाजे में उमड़ा जनसैलाब

हसनपुरा (सिवान): नगर पंचायत हसनपुरा अंतर्गत मदरसा गौसिया अनवारूल-उलूम कुतुब आबाद अरंडा के आलिम-ए-दीन व समाजसेवी अल्हाज हाफिज जलालुद्दीन साहब (उम्र 90 वर्ष) का गुरुवार को हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेयां गांव में निधन हो गया। उनके इंतकाल की खबर फैलते ही पूरे प्रखंड, जिले और आसपास के जनपदों में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

मदरसा गौसिया परिसर में नमाजे जनाजा अदा की गई, जिसमें विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में लोग शरीक हुए। नमाजे जनाजा की इमामत डॉ. सैयद नाहिद अहमद हैदरी ने की। जनाजे के बाद उन्हें मदरसा परिसर में ही सुपुर्दे खाक किया गया।

बताया जाता है कि अल्हाज जलालुद्दीन साहब वर्ष 1968 में अरंडा आए और दीनी तालीम की शुरुआत की। 1972 में मदरसा गौसिया की तामीर कर उन्होंने इसे एक मजबूत संस्थान का रूप दिया। उनकी लगन और सेवा भावना से आज मदरसा की तीन शाखाएं चल रही हैं, जिनमें सैकड़ों छात्र हिफ्ज-ए-कुरान और दीनी तालीम प्राप्त कर रहे हैं।

वे एक सरल स्वभाव, मिलनसार और खुशमिजाज इंसान थे। समाज में उनके कार्यों की सराहना की जाती रही है। उनके इंतकाल से एक युग का अंत हो गया है।

उनकी मौत पर न सिर्फ स्थानीय लोगों, बल्कि यूपी, छपरा, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, चंपारण और झारखंड से भी भारी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन को पहुंचे। हर आंख नम थी और जुबान पर सिर्फ एक ही दुआ — “अल्लाह उन्हें जन्नतुल फिरदौस अता फरमाए।”

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर