✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
हसनपुरा (सिवान) : एमएच नगर थाना क्षेत्र के लहेजी टोला मंदरौली में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए। मृतका की पहचान राहुल कुमार की पत्नी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। इस मामले में मृतका की मां ने पति, ससुर, सास और ननद को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बताया जाता है कि बड़हरिया थाना क्षेत्र के बीबी के बंगरा निवासी बृज कुमार यादव की पुत्री नेहा कुमारी की शादी 9 दिसंबर 2023 को लहेजी मंदरौली निवासी रामनरेश यादव के पुत्र राहुल कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा एक लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी, जिसे लेकर नेहा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
मृतका की मां सुनीता देवी के फर्द बयान के अनुसार, पहले भी नेहा को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया था। बाद में समझौते के बाद 18 जनवरी को उसे फिर से ससुराल विदा किया गया, लेकिन वहां उसे फिर से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। 3 मार्च को किसी अज्ञात व्यक्ति ने सूचना दी कि नेहा के साथ मारपीट की जा रही है। 5 मार्च की सुबह पड़ोस की एक महिला ने सूचना दी कि नेहा को गंभीर रूप से पीटा गया है और अब वह कुछ भी नहीं बोल पा रही है।
परिजन जब ससुराल पहुंचे तो पुलिस पहले से वहां मौजूद थी और नेहा का शव घर में पड़ा था। उसके सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ जाहिर होता है कि उसकी हत्या की गई थी। गुरुवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फिर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार मंदरौली गांव में ही किया गया।
इस मामले में मृतका की मां ने पति राहुल यादव, ससुर रामनरेश यादव, सास सुशीला देवी और ननद रमिता देवी उर्फ सविता देवी को आरोपित किया है। थानाध्यक्ष मिहिर कुमार ने बताया कि शव को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि मारपीट कर हत्या की गई है। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
घटना के बाद मृतका की मां, बहन, चाचा-चाची समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।