स्वराज सिंह
होली को लेकर पुलिस का सख्त रुख, विशेष टीम बनाकर लगातार हो रही छापेमारी
सीवान में होली को देखते हुए एसपी अमितेश कुमार के नेतृत्व में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि यदि कहीं भी शराब की बिक्री या सेवन होता पाया गया, तो संबंधित थानाध्यक्ष पर कार्रवाई होगी। इसी के तहत पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है।
पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सराय थाना क्षेत्र के छितौली मुसहर टोली और सरेया मुसहर टोली तथा मैरवा थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव में 400 लीटर अर्धनिर्मित महुआ शराब नष्ट किया। इस दौरान शराब धंधेबाज मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि किसी भी स्थिति में शराब की बिक्री, खरीददारी या सेवन को हर हाल में रोका जाएगा। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने दो गांवों में विशेष टीम गठित कर 200 लीटर से अधिक अर्धनिर्मित शराब को नष्ट किया और अन्य गांवों में भी लगातार छापेमारी जारी है।
एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि शराब पीना और बेचना दोनों कानून अपराध है। किसी भी परिस्थिति में जिले में शराब पूरी तरह बंद रहनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे होली का पर्व अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ खुशी से मनाएं और नशे से दूर रहें।