Explore

Search

August 9, 2026 3:59 pm

सीवान में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, भारी मात्रा में उपकरण बरामद

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

साइबर थाना की बड़ी कार्रवाई, एक गिरफ्तार


सिवान : जिले में फर्जी आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का साइबर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संदिग्ध सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान बसंतपुर थाना क्षेत्र के जानकी नगर निवासी बसंत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 7 मई को सीसीएसयू (साइबर अपराध सुरक्षा इकाई) पटना से सूचना प्राप्त हुई थी कि सिवान में फर्जी तरीके से आधार कार्ड एवं अन्य सरकारी दस्तावेज और प्रमाण पत्र तैयार किए जा रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बसंतपुर थाना क्षेत्र के जानकी नगर बाजार स्थित “बसंत डिजिटल केंद्र” में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कई ऐसे उपकरण और सामग्री मिली, जिनका उपयोग फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने में किया जा रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपित गैर-सरकारी वेबसाइटों और संदिग्ध ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर दस्तावेज तैयार कर रहा था।
पुलिस ने मौके से एक मॉनिटर, छह लैपटॉप, दो माउस, दो फिंगर स्लैब डिवाइस, दो आइरिस स्कैनर डिवाइस, दो हार्ड डिस्क, तीन पेन ड्राइव, एक आईक्यूओ एंड्रॉयड मोबाइल और छह डेबिट कार्ड बरामद किए हैं। बरामद उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या-30/26 दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर किन-किन लोगों को उपलब्ध कराए गए और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद साइबर अपराध और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर