✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सीवान-अमलोरी रेलखंड पर हुई घटना, आरपीएफ व जीआरपी जांच में जुटी
सीवान-अमलोरी रेलखंड के किलोमीटर संख्या 03/14-03/15 के पास रविवार सुबह अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया, लेकिन देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, वाराणसी से सुबह 6:40 बजे सूचना मिली कि सीवान-अमलोरी के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। सूचना मिलते ही सहायक निरीक्षक छोटेलाल सिंह यादव मौके पर पहुंचे, जहां मुफस्सिल थाना के उप निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद थे। मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष आंकी जा रही है। जांच के दौरान मृत व्यक्ति के पास कोई यात्रा टिकट या प्राधिकार पत्र बरामद नहीं हुआ।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के कारण किसी भी ट्रेन के परिचालन पर असर नहीं पड़ा। मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।